असम के गुवाहाटी में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के को-कन्वीनर और प्रवक्ता आशुतोष रांका समेत कई पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। CJP के मुताबिक, यह कार्रवाई रविवार को प्रस्तावित क्षेत्रीय वॉलंटियर्स मीटिंग से पहले हुई। रांका शनिवार को गुवाहाटी पहुंचे थे और उन्हें बैठक को संबोधित करना था।
CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर हिरासत की पुष्टि करते हुए कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने दावा किया कि रांका और उनकी टीम को पुलिस एक अज्ञात स्थान पर ले गई। दीपके के मुताबिक, वकील हिरासत में लिए गए लोगों से मिलने के लिए मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
पार्टी का कहना है कि गुवाहाटी में उसकी पहली क्षेत्रीय वॉलंटियर्स मीटिंग आयोजित होनी थी। संगठन के अनुसार, कार्यक्रम में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं को भी मौके तक पहुंचने से रोका गया और कई लोगों को हिरासत में लिया गया। रिपोर्टों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों में CJP के अन्य वरिष्ठ सदस्य भी शामिल हैं।
रांका ने अपनी हिरासत को लेकर असम के सरकारी स्कूलों, चुनावी सूची और काजीरंगा से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाने का दावा किया। हालांकि, हिरासत के आधिकारिक कारणों पर असम पुलिस की ओर से विस्तृत बयान की जानकारी उपलब्ध नहीं है। CJP ने मामले के विरोध में आगे की कार्रवाई की बात कही है।


