National

‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने जनगणना, नशामुक्ति और आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति पर की चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड में जनगणना, नशामुक्ति अभियान और आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने बताया कि देश में जनगणना का पहला चरण लगभग पूरा हो चुका है और अब तक 32 करोड़ से अधिक परिवारों की जानकारी दर्ज की जा चुकी है। लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के दुर्गम व बर्फीले क्षेत्रों में भी यह प्रक्रिया जारी है।

पीएम मोदी ने उत्तराखंड के माणा गांव का उल्लेख करते हुए बताया कि राज्य में जनगणना की शुरुआत यहीं से हुई। उन्होंने माणा की 83 वर्षीय पूर्णिमा रावत और उत्तरकाशी के बगोरी गांव के होमस्टे संचालक हरदेव सिंह राणा का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से अब तक 2.60 करोड़ से अधिक लोगों ने स्वयं अपनी जानकारी दर्ज की है। प्रधानमंत्री ने नागरिकों से जनगणना में सक्रिय भागीदारी की अपील की।कार्यक्रम में पीएम मोदी ने युवाओं को नशे से दूर रहने और नशे की लत से बाहर निकलने का संकल्प लेने का संदेश भी दिया।

आतंकवाद के मुद्दे पर उन्होंने अमेरिका में हुए 9/11 हमले की 25वीं बरसी का जिक्र किया और मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही उन्होंने दिल्ली में 2008 के सिलसिलेवार धमाकों और मुंबई के 26/11 हमले को भी याद किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब आतंकवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने 28-29 सितंबर 2016 को हुई सर्जिकल स्ट्राइक का उल्लेख करते हुए इसे आतंकवाद के खिलाफ भारत की कार्रवाई का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया।