पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में एक छात्रा के कथित यौन उत्पीड़न की खबर सामने आने के बाद छात्रों में भारी नाराजगी देखने को मिली। बताया जा रहा है कि मामला गर्ल्स हॉस्टल GH3 के आसपास का है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद छात्रों ने रात में परिसर में प्रदर्शन किया। इसके बाद सुबह भी छात्रों ने चंडीगढ़-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन करते हुए रास्ता बाधित कर दिया। प्रदर्शन से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।
हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न से जुड़ी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही खबरों और दावों का खंडन किया है। LPU की रजिस्ट्रार डॉ. मोनिका गुलाटी ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों के जरिए झूठी, निराधार और मनगढ़ंत सूचनाएं प्रसारित कर रहे हैं। उनके मुताबिक, ऐसी पोस्ट और संदेशों के कारण छात्रों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है और विश्वविद्यालय के शांतिपूर्ण शैक्षणिक माहौल को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी आरोप लगाया कि जिस तरीके से कथित तौर पर गलत सूचनाएं लगातार प्रसारित की जा रही हैं, उससे संस्थान की प्रतिष्ठा और छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश का संकेत मिलता है। LPU ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है। विश्वविद्यालय ने छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों से अपील की है कि वे बिना पुष्टि वाली जानकारी पर भरोसा न करें और न ही ऐसी सामग्री को आगे साझा करें। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी घटनाक्रम या स्थिति से जुड़ी जानकारी के लिए केवल विश्वविद्यालय के आधिकारिक माध्यमों पर जारी अपडेट को ही विश्वसनीय मानें। इस बीच, प्रदर्शन से जुड़ी स्थिति और छात्रों की मांगों को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।


