Delhi National

DUSU चुनाव 2026: ABVP ने तीन केंद्रीय पदों पर दर्ज की जीत, कई BJP नेताओं ने दी बधाई

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026 के नतीजे घोषित हो गए हैं। नॉर्थ कैंपस में हुई मतगणना के बाद सामने आए परिणामों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने चार केंद्रीय पदों में से तीन पर जीत दर्ज की है। ABVP के यश डबास अध्यक्ष, रिया छाबड़ी सचिव और लक्ष्य राज सिंह संयुक्त सचिव निर्वाचित हुए हैं। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने जीत हासिल की है। ABVP की जीत के बाद भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने संगठन और विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी। दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि चुनाव परिणाम युवाओं के रुझान को दर्शाते हैं। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी ABVP की जीत को महत्वपूर्ण बताते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर राजनीतिक टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि DUSU चुनाव का देशभर के छात्रों के बीच विशेष महत्व है और इसे युवाओं की आवाज के तौर पर देखा जाता है।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने ABVP की जीत पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सकारात्मक छात्र राजनीति और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना में युवाओं के विश्वास को दर्शाती है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी यश डबास, रिया छाबड़ी और लक्ष्य राज सिंह को जीत की बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई टीम छात्र हितों और राष्ट्र निर्माण के लिए काम करेगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ABVP की सफलता पर बधाई दी। उन्होंने इसे युवाओं के ‘Nation First’ विचार में विश्वास से जोड़ते हुए छात्र हित और राष्ट्र सेवा के लिए काम करने की उम्मीद जताई। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने चुनाव परिणाम को छात्रों के राष्ट्रवादी संकल्प की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ तीन पदों की जीत नहीं, बल्कि छात्र राजनीति को लेकर एक स्पष्ट संदेश है।