National Punjab

अमृतसर में ASI की हत्या के बाद TTH का नाम चर्चा में, पाकिस्तान कनेक्शन की जांच तेज

पंजाब के अमृतसर में ड्यूटी के दौरान असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। घटना उस समय हुई, जब ASI हरजीत सिंह भगतांवाला दाना मंडी के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान दो हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल हरजीत सिंह ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (TTH) का नाम सामने आया है। पंजाब में इससे जुड़े पोस्टर और दावे सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां इस नेटवर्क की वास्तविकता और गतिविधियों की जांच कर रही हैं। उपलब्ध दावों के मुताबिक, TTH को किसी स्वतंत्र और स्थापित आतंकी संगठन के बजाय पाकिस्तान से संचालित एक कथित प्रॉक्सी नेटवर्क के तौर पर देखा जा रहा है। इस संगठन का नाम पंजाब में पहले भी कई हिंसक घटनाओं के मामलों में सामने आ चुका है। फरवरी 2026 में गुरदासपुर के अधियां गांव में एक युवक की हत्या की जिम्मेदारी भी TTH की ओर से लिए जाने का दावा किया गया था। इसके अलावा अमृतसर के मजीठा इलाके में ASI जोगा सिंह की हत्या और अजनाला में पुलिसकर्मी पर हुए हमले के मामलों में भी इस नाम की चर्चा हुई थी।

जांच एजेंसियां TTH को पाकिस्तान में बैठे आतंकी शहजाद भट्टी से जोड़कर देख रही हैं। आरोप है कि सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार और मादक पदार्थ भेजे जाते हैं और स्थानीय युवाओं या अपराधियों को पैसों का लालच देकर वारदातों में इस्तेमाल किया जाता है। TTH के कथित ‘अल-बुरक स्क्वाड’ के जरिए इन घटनाओं को प्रचारित किए जाने की भी बात सामने आई है। ASI की हत्या के बाद पंजाब पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस महानिदेशक ने मामले को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की है, जबकि एजेंसियां TTH के दावों की तकनीकी जांच कर रही हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मृतक ASI के परिवार को एक करोड़ रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।