हिमाचल प्रदेश की महिला क्रिकेट के लिए एक और बड़ी उपलब्धि सामने आई है। प्रदेश की दो स्टार क्रिकेटर हरलीन देओल और सुषमा वर्मा अब वेस्टइंडीज के मैदानों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करती नजर आएंगी। दोनों खिलाड़ियों को वुमन कैरेबियन प्रीमियर लीग यानी डब्ल्यूसीपीएल में खेलने का मौका मिला है। खास बात यह है कि दोनों अलग-अलग टीमों का हिस्सा होंगी और टूर्नामेंट के दौरान आमने-सामने भी आ सकती हैं। भारतीय टीम के लिए वनडे और टी-20 क्रिकेट खेल चुकीं ऑलराउंडर हरलीन देओल को मौजूदा चैंपियन बारबाडोस ट्राइडेंट्स ने अपनी टीम में शामिल किया है। 28 वर्षीय हरलीन बल्लेबाजी के साथ लेग स्पिन गेंदबाजी भी करती हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका अनुभव कैरेबियन लीग में टीम के लिए अहम साबित हो सकता है।
हरलीन ने दिसंबर 2024 में वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार शतकीय पारी खेलकर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया था। वह 2025 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय महिला टीम का भी हिस्सा रही हैं। अब कैरेबियन परिस्थितियों में उनके प्रदर्शन पर खास नजर रहेगी। वहीं, हिमाचल की अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज सुषमा वर्मा को ट्रिनबागो नाइट राइडर्स ने अपनी टीम में जगह दी है। घरेलू क्रिकेट के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अनुभव रखने वाली सुषमा विकेट के पीछे अपनी फुर्ती और बल्लेबाजी क्षमता से टीम को मजबूती दे सकती हैं।
दोनों खिलाड़ियों के चयन से हिमाचल के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर है। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने इसे प्रदेश के लिए गर्व का पल बताया है। एचपीसीए सचिव मनुज शर्मा के मुताबिक, हिमाचल की महिला क्रिकेटर लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। हरलीन और सुषमा की डब्ल्यूसीपीएल में मौजूदगी प्रदेश की युवा महिला क्रिकेटरों के लिए भी बड़ी प्रेरणा है। अब निगाहें कैरेबियन मैदानों पर होंगी, जहां हिमाचल की ये दोनों खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से नई पहचान बनाने की कोशिश करेंगी।


