World

क्या टूटने की राह पर UK? स्कॉटलैंड, वेल्स और नॉर्दर्न आयरलैंड ने बढ़ाई अलगाव की मांग

कभी दुनिया के बड़े हिस्से पर शासन करने वाले ब्रिटेन यानी UK के सामने अब अपनी एकता बनाए रखने की चुनौती खड़ी होती दिख रही है। स्कॉटलैंड, वेल्स और नॉर्दर्न आयरलैंड में मौजूदा संवैधानिक व्यवस्था में बदलाव और अधिक स्वायत्तता की मांग लगातार तेज हो रही है। इसी मुद्दे पर तीनों क्षेत्रों के नेता सोमवार को वेल्स की राजधानी कार्डिफ में बैठक करने वाले हैं। बैठक में तीनों फर्स्ट मिनिस्टर लोगों को अपने राजनीतिक भविष्य का फैसला खुद करने का अधिकार देने को लेकर साझा बयान जारी कर सकते हैं। इसमें जरूरत पड़ने पर आजादी या UK से अलग होने जैसे मुद्दों पर जनमत संग्रह कराने की संभावना भी शामिल हो सकती है।

स्कॉटलैंड में सत्तारूढ़ स्कॉटिश नेशनल पार्टी (SNP) लंबे समय से स्वतंत्र देश बनने की मांग कर रही है। वहीं वेल्स की राष्ट्रवादी पार्टी प्लाइड कम्री ज्यादा अधिकारों के साथ स्वतंत्र वेल्स की वकालत करती है। नॉर्दर्न आयरलैंड में सिन फेन आयरलैंड के साथ एकीकरण के समर्थन में है। पार्टी की अध्यक्ष मैरी लू मैकडोनाल्ड भी बैठक में शामिल होंगी। तीनों क्षेत्रों के नेताओं के बीच बढ़ती एकजुटता ब्रिटेन की केंद्र सरकार के लिए चुनौती बन सकती है। स्कॉटलैंड के फर्स्ट मिनिस्टर जॉन स्विनी का कहना है कि पहली बार तीनों क्षेत्रों में ऐसे नेता हैं, जो UK की मौजूदा व्यवस्था में बदलाव चाहते हैं। इस बहस को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के हालिया बयान से भी हवा मिली है। उन्होंने आयरलैंड को एक देश के रूप में देखने की इच्छा जताई थी। हालांकि मामला केवल आजादी तक सीमित नहीं है। यूरोपीय संघ के साथ रिश्ते भी अहम हैं। UK के 2020 में EU से बाहर निकलने के बाद इन क्षेत्रों में यूरोप के साथ करीबी संबंधों की मांग भी चर्चा का बड़ा मुद्दा बन गई है।