West Bengal

महाअष्टमी पर शराबबंदी से लेकर रेड रोड कार्निवल तक: दुर्गा पूजा को लेकर बंगाल सरकार के बड़े फैसले

पश्चिम बंगाल में आगामी दुर्गा पूजा को लेकर राज्य सरकार ने कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पूजा के दौरान धार्मिक अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार ने कई महत्वपूर्ण फैसलों की घोषणा की है। इनमें महाअष्टमी के दिन शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध का निर्णय सबसे प्रमुख है। इस दिन राज्यभर में शराब की दुकानें और बार बंद रखने की व्यवस्था की जाएगी। दुर्गा पूजा समितियों को आयोजन में मदद देने के लिए सरकार की ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का भी ऐलान किया गया है। इसके अलावा मुफ्त बिजली और फायर सेफ्टी लाइसेंस से जुड़ी फीस में छूट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। हालांकि, सक्षम और बड़े बजट वाली पूजा समितियों से सरकारी सहायता लेने से बचने की अपील की गई है।

पूजा आयोजनों में धार्मिक भावनाओं और पारंपरिक मर्यादाओं का ध्यान रखने पर भी जोर दिया गया है। विसर्जन जुलूसों में डीजे बजाने पर रोक रहेगी। प्रशासन ने पूजा समितियों से लक्ष्मी पूजा से पहले विसर्जन की प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया है। इस बीच, कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित होने वाला प्रसिद्ध दुर्गा पूजा कार्निवल इस वर्ष आयोजित नहीं किया जाएगा। यह परंपरा पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कार्यकाल में शुरू हुई थी और हर साल प्रमुख पूजा समितियों की भव्य प्रतिमाओं के प्रदर्शन का आकर्षण रहती थी।