त्योहारों का मौसम शुरू होने से पहले आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। चीनी की कीमतों में लगातार तेजी के साथ अब गुड़ और मिठाइयां भी महंगी होती जा रही हैं। ऐसे में नवरात्रि, दशहरा और दिवाली के दौरान बढ़ने वाली मांग घरेलू बजट पर अतिरिक्त दबाव डाल सकती है।
जुलाई में चीनी की कीमतों में महीने-दर-महीने 2.73 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि जून में यह वृद्धि 0.63 फीसदी और मई में 0.44 फीसदी थी। अप्रैल में चीनी के दाम सिर्फ 0.09 फीसदी बढ़े थे। सालाना आधार पर भी जुलाई में चीनी 4.92 फीसदी महंगी रही, जबकि जून में यह दर 2.17 फीसदी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी की खुदरा कीमत अब 60 रुपये प्रति किलो से ऊपर पहुंच गई है, जबकि जुलाई में यह करीब 48 रुपये प्रति किलो थी। हालांकि, 31 अगस्त तक गन्ने की बुवाई पिछले साल की तुलना में केवल 0.5 फीसदी कम रही।
चीनी के साथ गुड़ की कीमतों में भी तेजी जारी है। जुलाई में गुड़ के दाम महीने के आधार पर 1.76 फीसदी बढ़े और सालाना महंगाई दर 6.28 फीसदी पहुंच गई। वहीं, दूध से तैयार होने वाली मिठाइयों की कीमत जुलाई में 0.63 फीसदी बढ़ी। इनकी सालाना महंगाई 6.08 फीसदी रही, जो सात महीनों का उच्चतम स्तर है। त्योहारों में मांग बढ़ने पर कीमतों में और तेजी आती है या नहीं, इस पर अब सभी की नजर रहेगी।


