National

LPG Cylinder Booking: सरकार ने बदला नियम, अब 45 नहीं 25 दिन में बुक होगा अगला सिलेंडर

घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब देशभर में घरेलू एलपीजी ग्राहकों के लिए अगला सिलेंडर बुक करने का नियम एक समान होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में लागू 45 दिनों की समय-सीमा को खत्म कर दिया गया है। अब ग्रामीण और शहरी, दोनों क्षेत्रों के उपभोक्ता 25 दिनों के अंतराल के बाद अगला सिलेंडर बुक करा सकेंगे।

पहले शहरी इलाकों में दो एलपीजी रीफिल बुकिंग के बीच 25 दिनों का अंतर निर्धारित था, जबकि ग्रामीण उपभोक्ताओं को अगली बुकिंग के लिए 45 दिन इंतजार करना पड़ता था। सरकार के नए फैसले के बाद यह अंतर समाप्त हो गया है और पूरे देश में 25 दिनों का समान नियम लागू होगा।

केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। पेट्रोलियम मंत्रालय ने 7 सितंबर को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) के प्रमुखों को पत्र जारी कर नए नियम को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं।

सरकार के मुताबिक, मिडिल ईस्ट में तनाव और संघर्ष के दौरान एलपीजी सप्लाई प्रभावित होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों का अंतर अस्थायी रूप से लागू किया गया था। इसका उद्देश्य मांग को नियंत्रित करना और कालाबाजारी पर रोक लगाना था। अब सप्लाई व्यवस्था में सुधार और बैकलॉग लगभग खत्म होने के बाद सरकार ने यह राहत दी है। इस फैसले से खासकर ग्रामीण परिवारों को फायदा मिलेगा, जिन्हें लंबे बुकिंग अंतर के कारण गैस सिलेंडर के लिए इंतजार करना पड़ता था। अब जरूरत पड़ने पर वे 25 दिन बाद अगला सिलेंडर बुक करा सकेंगे।