Sports

महिला टी20 एशिया कप का आज आगाज, भारत की नजरें खिताब वापसी पर

महिला टी20 एशिया कप 2026 का आगाज आज यूएई के दुबई में होने जा रहा है। 28 अगस्त से 13 सितंबर तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में आठ टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश के साथ इंडोनेशिया, हांगकांग चीन, थाईलैंड और मेजबान यूएई भी चुनौती पेश करेंगे। सभी मुकाबले दुबई में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में कुल 15 मैच होंगे, जिसमें 12 लीग मुकाबले, दो सेमीफाइनल और फाइनल शामिल है। दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान, हांगकांग चीन और थाईलैंड हैं, जबकि ग्रुप बी में श्रीलंका, बांग्लादेश, यूएई और इंडोनेशिया को रखा गया है।

सबसे ज्यादा नजरें भारत पर होंगी। टी20 एशिया कप के पांच संस्करणों में भारत तीन बार चैंपियन रह चुका है। हालांकि, 2024 के फाइनल में श्रीलंका ने भारत को हराकर पहली बार ट्रॉफी अपने नाम की थी। अब भारतीय टीम की कोशिश खिताब वापस हासिल करने की होगी। भारत और पाकिस्तान का बहुप्रतीक्षित मुकाबला 5 सितंबर को खेला जाएगा। टी20 इंटरनेशनल में भारत का रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ शानदार रहा है। दोनों टीमों के 17 मुकाबलों में भारत ने 14 में जीत दर्ज की है। हालांकि, एशिया कप जैसे बड़े मंच पर आंकड़ों से ज्यादा मैदान का प्रदर्शन मायने रखेगा।

मौजूदा चैंपियन श्रीलंका इस बार मजबूत दावेदार के तौर पर उतरेगा। टीम ने इस साल 13 टी20 इंटरनेशनल में 10 जीत हासिल की हैं। वहीं बांग्लादेश और पाकिस्तान भी उलटफेर करने की क्षमता रखते हैं। इस बार चार एसोसिएट टीमें भी टूर्नामेंट का हिस्सा हैं। इंडोनेशिया पहली बार महिला एशिया कप खेलेगा, जबकि हांगकांग चीन की टीम लंबे अंतराल के बाद वापसी कर रही है। अब सवाल यही है—क्या भारत श्रीलंका से हिसाब चुकाकर एशिया कप की ट्रॉफी दोबारा अपने नाम कर पाएगा?