सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के बाद अब ‘दिमागी नक्सल पार्टी’ नाम से बना एक नया अकाउंट तेजी से चर्चा में है। दावा है कि इस अकाउंट ने महज 24 घंटे में 1.7 लाख से अधिक फॉलोअर्स जुटा लिए हैं। हालांकि, इसके पीछे कौन है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इंस्टाग्राम की उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, अकाउंट इसी महीने बनाया गया है और इसका यूजरनेम एक बार बदला गया। अकाउंट पर अब तक करीब 63 पोस्ट हैं, जबकि यह लगभग 35 अकाउंट्स को फॉलो करता है। इसी नाम से इंस्टाग्राम पर कई अन्य अकाउंट भी दिखाई दे रहे हैं।
‘दिमागी नक्सल पार्टी’ नाम ऐसे समय सामने आया है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से अपने संबोधन में ‘दिमागी नक्सलियों’ को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जंगलों में हथियार उठाने वाले नक्सलियों के बाद अब देश को ऐसे लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है, जो हिंसा और गलत विचारों के जरिए देश को भटकाने का प्रयास करते हैं। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी ‘दिमागी नक्सल’ शब्द की अपनी व्याख्या साझा करते हुए इसे माओवादियों और अलगाववाद का समर्थन करने वालों से जोड़ा है।


