National

जंतर-मंतर सीजन-2 का ऐलान, अभिजीत दिपके बोले- जल्द शुरू होगा अभियान

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने जंतर-मंतर आंदोलन के दूसरे चरण को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर लगातार लोग उनसे पूछ रहे हैं कि जंतर-मंतर का सीजन-2 कब शुरू होगा। दिपके ने दावा किया कि इसका दूसरा चरण जल्द शुरू किया जाएगा। हालांकि, उन्होंने अभी यह स्पष्ट नहीं किया कि इस बार आंदोलन किस मुद्दे को केंद्र में रखकर किया जाएगा। दिपके के इस ऐलान को उनके हालिया बयान से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने इससे पहले गांवों में सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति को लेकर देशव्यापी अभियान शुरू करने की बात कही थी। CJP के मुताबिक, यह अभियान 15 अगस्त से शुरू किया जाना है।

मीडिया से बातचीत में अभिजीत दिपके ने दिल्ली में पार्टी के वॉलंटियर्स की प्रस्तावित बैठक का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बैठक के लिए हॉल तलाशने के दौरान कई लोगों ने किराए पर जगह देने से इनकार कर दिया। दिपके का दावा है कि हॉल मालिकों ने इसके पीछे कथित तौर पर ऊपर से दबाव होने की बात कही। उन्होंने बताया कि काफी प्रयासों के बाद एक हॉल मिला और उसकी रसीद भी उनके पास है। लेकिन उनके अनुसार, बैठक से पहले हॉल मालिकों को धमकियां दी गईं और बैठक आयोजित करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।

दिपके ने इन घटनाओं के पीछे भाजपा का हाथ होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर किसी को लगता है कि ऐसी कोशिशों से CJP या उसके कार्यकर्ता डर जाएंगे, तो यह उनकी गलतफहमी है।वहीं, पार्टी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने दिल्ली पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर जवाब मांगा। इससे पहले दिपके ने सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए देशव्यापी अभियान चलाने की घोषणा की थी। उन्होंने अभिभावकों से स्कूलों का सोशल ऑडिट करने और सरपंचों से बुनियादी सुविधाएं बेहतर करने की जिम्मेदारी उठाने की अपील की थी।