National

FSSAI की घटिया खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई जारी, अब दो कंपनियों के लाइसेंस किए निलंबित

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों के खिलाफ भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कार्रवाई तेज कर दी है। प्राधिकरण ने गंभीर खामियां पाए जाने पर उत्तर प्रदेश की वीकेसी नट्स प्राइवेट लिमिटेड और महाराष्ट्र की छेड़ा स्पेशलिटीज फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं।

FSSAI के अनुसार, वीकेसी नट्स के निरीक्षण के दौरान पिस्ता के भंडारण क्षेत्र में जीवित कीड़े मिले। कच्चे माल के स्टोरेज एरिया की दीवारों और छतों पर बड़ी मात्रा में फफूंद भी पाई गई। प्रसंस्करण इकाई में जंग लगी, गंदी और क्षतिग्रस्त मशीनरी के साथ पुराने व अस्वच्छ प्लास्टिक ट्रे, चाकू और कंटेनर इस्तेमाल होते मिले।

निरीक्षण के दौरान फ्यूमिगेशन चैंबर के पास जीवित छिपकली भी देखी गई, जबकि खुले क्रेट में अंजीर रखे थे। प्रसंस्करण क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों पर मक्खियां बैठती मिलीं और कीट नियंत्रण व्यवस्था भी प्रभावी नहीं पाई गई।

वहीं, छेड़ा स्पेशलिटीज फूड्स के परिसर में कर्मचारी सड़े कचरे के समीप गंदे फर्श पर बैठकर केले छीलते पाए गए। FSSAI ने स्पष्ट किया कि दोनों कंपनियों के लाइसेंस तब तक निलंबित रहेंगे, जब तक वे स्वच्छता, कीट नियंत्रण, कचरा प्रबंधन, बुनियादी ढांचे और कर्मचारी प्रशिक्षण से जुड़े जरूरी सुधार लागू नहीं करतीं।