National

मोदी कैबिनेट के फैसले: 32,701 करोड़ की गोबरधन योजना और असम फोर-लेन हाईवे को मंजूरी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में देश के ऊर्जा और बुनियादी ढांचा क्षेत्र को मजबूती देने वाले दो महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इन दोनों परियोजनाओं पर कुल 32,701 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इनमें 23,731 करोड़ रुपये की गोबरधन (GOBARdhan) योजना और असम में बाईहाटा चारियाली से तेजपुर तक चार लेन राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण की 8,970 करोड़ रुपये की परियोजना शामिल है।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि गोबरधन योजना का उद्देश्य देश में संपीड़ित बायो-गैस (CBG) के उत्पादन और वितरण को बढ़ावा देना है, जिससे ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बल मिलेगा। सरकार का मानना है कि प्राकृतिक गैस के आयात पर निर्भरता कम करने और ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने में यह योजना अहम भूमिका निभाएगी।

योजना के तहत बायो-गैस संयंत्रों को गैस पाइपलाइन नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। साथ ही उत्पाद की सुनिश्चित खरीद, मूल्य स्थिरता, पूंजीगत सहायता, ऋण गारंटी, पाइपलाइन अवसंरचना और नवाचार को प्रोत्साहित करने जैसी व्यवस्थाएं की जाएंगी। एमएसएमई आधारित परियोजनाओं को 85 प्रतिशत तक ऋण गारंटी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

सरकार का अनुमान है कि अगले दस वर्षों में इस पहल से सीबीजी उत्पादन में दस गुना तक वृद्धि होगी। इससे ऊर्जा आयात पर खर्च घटेगा, 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विदेशी मुद्रा की बचत होगी और राष्ट्रीय जीडीपी में 75 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का योगदान मिलने की संभावना है। इसके अलावा डेढ़ लाख से अधिक रोजगार सृजित होंगे, कार्बन उत्सर्जन में उल्लेखनीय कमी आएगी और बड़े पैमाने पर जैविक उर्वरक का उत्पादन होगा।

कैबिनेट ने असम में राष्ट्रीय राजमार्ग-15 पर बाईहाटा चारियाली से मिशन चारियाली (तेजपुर) तक 135.87 किलोमीटर लंबे चार लेन राजमार्ग के निर्माण को भी मंजूरी दी है। बीओटी (टोल) मॉडल पर बनने वाली इस परियोजना में आधुनिक निर्माण तकनीक, ओपन टोलिंग और एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम का उपयोग किया जाएगा। इस सड़क के बनने से गुवाहाटी और तेजपुर के बीच यात्रा समय करीब साढ़े तीन घंटे से घटकर लगभग 1.7 घंटे रह जाएगा। साथ ही रक्षा, व्यापार और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।