Jammu & Kashmir

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में LOC के पास लैंडमाइन विस्फोट, डिफ्यूज ऑपरेशन के दौरान दो जवान घायल

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास लैंडमाइन विस्फोट की घटना में भारतीय सेना के दो जवान घायल हो गए। यह हादसा मेंढर सेक्टर के कंगा गली इलाके में उस समय हुआ, जब सेना की पेट्रोलिंग टीम भारी बारिश के कारण अपनी जगह से खिसक चुकी एक लैंडमाइन को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज करने का प्रयास कर रही थी।

जानकारी के अनुसार, लगातार हो रही बारिश की वजह से एलओसी के आसपास बिछाई गई कई बारूदी सुरंगें अपनी निर्धारित जगह से बहकर दूसरी ओर पहुंच गई हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और किसी संभावित खतरे को टालने के लिए सेना की टीमें इन लैंडमाइनों को सुरक्षित स्थान पर स्थापित करने या निष्क्रिय करने के अभियान में जुटी हुई हैं।

इसी दौरान एक लैंडमाइन में अचानक विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आने से दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद दोनों को सेना के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। इस घटना को लेकर भारतीय सेना की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में सुरक्षा और तलाशी अभियान एहतियात के तौर पर जारी है।