मध्य प्रदेश सरकार ने आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए ‘जन विश्वास अभियान’ शुरू करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में यह अभियान 7 अगस्त से पूरे प्रदेश में शुरू होगा और हर शुक्रवार आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत मंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी गांवों तथा शहरी वार्डों में पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान नागरिकों की शिकायतें सुनी जाएंगी, सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत का आकलन किया जाएगा और जहां संभव होगा, समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा।
जिन मामलों का तत्काल निपटारा संभव नहीं होगा, उनके लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सरकार का उद्देश्य शासन को जनता के और करीब लाना, प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ाना और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि यह अभियान सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। अभियान की शुरुआत मंत्री अपने-अपने प्रभार वाले जिलों से करेंगे, जिससे सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद मजबूत होगा।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान यदि किसी स्तर पर भ्रष्टाचार, अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभियान का मूल मंत्र “संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी” रखा गया है। इसके लिए किसी अतिरिक्त बजट का प्रावधान नहीं किया गया है। प्रदेश सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान के माध्यम से अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सीधे अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के सामने रखें। सरकार का मानना है कि इससे शिकायतों के समाधान में तेजी आएगी, योजनाओं की बेहतर निगरानी होगी और शासन व्यवस्था अधिक पारदर्शी व जवाबदेह बनेगी।


