हरियाणा के सड़क नेटवर्क में एक बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। जींद और गोहाना को जोड़ने वाला चार लेन नेशनल हाईवे-352A (ग्रीनफील्ड कॉरिडोर) अब पूरी तरह तैयार होकर यातायात के लिए खुल चुका है। करीब 40.6 किलोमीटर लंबे इस हाईवे के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच का सफर, जो पहले दो घंटे से अधिक का होता था, अब महज 40 मिनट में पूरा हो रहा है। हाईवे पर अंडरपास और ओवरब्रिज जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं, जिससे यातायात तेज, सुरक्षित और बिना रुकावट के संचालित हो सके।
इस नए कॉरिडोर का सबसे बड़ा फायदा दिल्ली-एनसीआर, रोहतक, पानीपत और सोनीपत की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को मिल रहा है। हाईवे का सीधा जुड़ाव नेशनल हाईवे-44 और दिल्ली के अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) से होने के कारण अब दिल्ली से जींद की यात्रा भी काफी आसान हो गई है। जहां पहले यह सफर चार से पांच घंटे में पूरा होता था, वहीं अब लगभग ढाई घंटे में पूरा किया जा सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह हाईवे सिर्फ यात्रा को आसान नहीं बनाएगा, बल्कि हरियाणा की व्यापारिक, औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देगा। साथ ही पंजाब और दिल्ली-एनसीआर के बीच चलने वाले व्यावसायिक वाहनों के लिए भी यह नया रूट समय और ईंधन दोनों की बड़ी बचत साबित होगा।


