जंतर-मंतर पर पेपर लीक मामले को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ऐसे कंटेंट की पहचान कर उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से हटाने के लिए संबंधित कंपनियों को नोटिस भेजे गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान और उसके बाद कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक भाषा और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। इनमें से कुछ वीडियो शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और उसके बाद हुए प्रदर्शन से जुड़े बताए जा रहे हैं।
दिल्ली पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम लगातार विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर नजर बनाए हुए है। पुलिस ऐसे पोस्ट, वीडियो और कमेंट्स की समीक्षा कर रही है और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित सोशल मीडिया कंपनियों को इन्हें हटाने के लिए कहा जा रहा है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूरे मामले में यह भी जांच की जा रही है कि किसी कंटेंट में कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन हुआ है या नहीं। इसके अलावा यह भी देखा जा रहा है कि किसी पोस्ट या वीडियो से सार्वजनिक व्यवस्था पर कोई असर पड़ने की संभावना थी या नहीं। दिल्ली पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर निगरानी की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी और कानून के दायरे में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


