National

पैलेट गन विवाद: राहुल गांधी ने अमित शाह को लिखा पत्र, छात्रों पर कार्रवाई पर मांगा जवाब

नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई पर जवाबदेही तय करने की मांग की है। उन्होंने विशेष रूप से प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।

राहुल गांधी ने अपने पत्र में पूछा है कि क्या छात्रों के खिलाफ पैलेट गन या किसी अन्य प्रकार के बल प्रयोग की अनुमति गृह मंत्रालय की ओर से दी गई थी। यदि ऐसी कोई अनुमति नहीं थी, तो फिर यह फैसला किस स्तर पर लिया गया। इसके अलावा उन्होंने प्रदर्शन के दौरान सादे कपड़ों में मौजूद उन लोगों की भूमिका पर भी सवाल उठाया, जिन पर छात्रों के साथ मारपीट करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने पूछा कि क्या वे पुलिसकर्मी थे या किसी अन्य एजेंसी से जुड़े लोग, और उनकी तैनाती किसके निर्देश पर की गई।

राहुल गांधी ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है। सरकार की जिम्मेदारी प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संवाद के माध्यम से उनकी समस्याओं का समाधान करने की होती है, न कि बल प्रयोग करने की। इससे पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा कर दावा किया था कि प्रदर्शन के दौरान घायल हुए 19 वर्षीय छात्र साहिल की एक आंख की रोशनी जाने का खतरा है।

वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान 118 से अधिक पुलिसकर्मी, जिनमें वरिष्ठ अधिकारी और महिला कर्मी भी शामिल हैं, घायल हुए। साथ ही करीब 60 प्रदर्शनकारियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।