दिल्ली सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सरकारी कर्मचारियों के लिए लागू वर्क फ्रॉम होम (WFH) व्यवस्था समाप्त करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मंजूरी के बाद बुधवार और शनिवार को घर से काम करने की सुविधा अब समाप्त कर दी गई है। इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी किए जा रहे हैं।
नए निर्णय के अनुसार, दिल्ली सरकार (GNCTD) के सभी सरकारी कार्यालय अब सुबह 10:00 बजे से शाम 6:30 बजे तक संचालित होंगे। वहीं, दिल्ली नगर निगम (MCD) के कार्यालयों के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। एमसीडी के दफ्तर पहले की तरह सुबह 8:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक खुलेंगे।
सरकार का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में प्रशासनिक कार्यों को पहले की तरह नियमित और सुचारु रूप से संचालित करने के लिए कर्मचारियों की कार्यालय में शारीरिक उपस्थिति आवश्यक है। इसी उद्देश्य से सप्ताह में दो दिन दी गई वर्क फ्रॉम होम की सुविधा वापस ली गई है। अब कर्मचारियों को नियमित रूप से सप्ताह में पांच दिन कार्यालय आना होगा।
गौरतलब है कि दिल्ली सरकार ने मई महीने में “मेरा भारत, मेरा योगदान” अभियान के तहत कई अहम फैसले लिए थे। उस समय पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और ईंधन की बचत को ध्यान में रखते हुए सरकारी कर्मचारियों के लिए सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू किया गया था। साथ ही सरकारी अधिकारियों की गैर-जरूरी विदेश यात्राओं पर एक वर्ष के लिए रोक लगाने और ईंधन की खपत कम करने जैसे कदम भी उठाए गए थे।
सरकार ने उस दौरान निजी कंपनियों को भी आवश्यकता के अनुसार कर्मचारियों को घर से काम करने की सलाह दी थी। हालांकि अब हालात सामान्य होने के बाद सरकार ने WFH व्यवस्था समाप्त करते हुए नियमित कार्यालय प्रणाली को फिर से पूरी तरह लागू करने का फैसला लिया है।


