नेशनल अवॉर्ड विजेता अभिनेता विक्रांत मैसी ने अभिनय के साथ-साथ अब बतौर प्रोड्यूसर भी नई पारी की शुरुआत कर दी है। उनके प्रोडक्शन हाउस होममेड स्टोरीज के बैनर तले बनी वेब सीरीज़ ‘मुसाफिर कैफे’ का टीजर रिलीज कर दिया गया है। साथ ही इसकी रिलीज डेट का भी ऐलान किया गया है। यह सीरीज़ 24 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। टीजर की शुरुआत विक्रांत मैसी के संवाद, “मुसाफिरों की कई कहानियां होती हैं और मेरी कहानी जुड़ी है इस कैफे से…” से होती है।
इसके बाद खूबसूरत पहाड़ों, शांत वातावरण और रिश्तों की भावनात्मक झलक देखने को मिलती है। हालांकि टीजर में कहानी का पूरा खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन यह एक दिलचस्प ट्रायंगल लव स्टोरी की ओर इशारा करता है। सीरीज़ में विक्रांत मैसी के साथ महिमा मकवाना, वेदिया पिंटो, आदिल हुसैन, राजीव सिद्धार्थ, अनुभा फतेहपुरिया, लवलीन मिश्रा और सादिया सिद्दीकी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। टीजर रिलीज होने के बाद से ही फैंस के बीच इस रोमांटिक ड्रामा को लेकर उत्साह काफी बढ़ गया है।


