भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने तेलंगाना दौरे के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश को कमजोर करने और समाज में विभाजन पैदा करने वाली ताकतों के खिलाफ बीजेपी कार्यकर्ता मजबूती से खड़े हैं। वारंगल में आयोजित कार्यक्रम में बूथ अध्यक्षों, आदिवासी नेताओं और छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कथित ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) को देश विरोधी सोच वाला समूह बताते हुए कहा कि ऐसी विचारधारा भारत की एकता और अखंडता के लिए खतरा है।
नितिन नबीन ने कहा कि कुछ संगठन और राजनीतिक दल युवाओं को गुमराह कर देश में अस्थिरता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बीजेपी का प्रत्येक कार्यकर्ता ऐसी ताकतों का लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबला करेगा। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और इसकी ताकत समर्पित कार्यकर्ताओं के कारण ही बनी है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने उन्हें “पार्ट-टाइम पॉलिटिशियन” बताया। उन्होंने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता सालभर जनसेवा और संगठन के कार्यों में सक्रिय रहते हैं, जबकि कुछ नेता केवल चुनावी राजनीति तक सीमित रहते हैं। साथ ही उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने ही वरिष्ठ नेता को उचित सम्मान नहीं दिया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
तेलंगाना की कांग्रेस सरकार पर भी हमला बोलते हुए नितिन नबीन ने कहा कि चुनावी वादों को पूरा करने में सरकार विफल रही है। उन्होंने सरकारी नौकरियों, आरक्षण और विकास के मुद्दों पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि राज्य में परिवर्तन केवल मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ताओं के माध्यम से ही संभव है। छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश की नई पीढ़ी वही है जो अपने भविष्य के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी योगदान दे, न कि संविधान और संस्कृति पर सवाल उठाकर समाज में विभाजन पैदा करे। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।


