आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब दौरे के दौरान राज्य के लिए पांच महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने की दिशा में कई बड़े फैसलों का ऐलान किया। अयोध्या में रामलला के दर्शन के बाद अमृतसर पहुंचे केजरीवाल ने कहा कि भगवान वाल्मीकि मंदिर के समीप माता जानकी और लव-कुश का एक भव्य एवं विशाल मंदिर बनाया जाएगा। उनका कहना था कि यह स्थान धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि पटियाला स्थित प्रसिद्ध काली माता मंदिर का करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक पुनर्विकास किया जा रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद यह मंदिर उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल होगा। केजरीवाल ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का भी विस्तार करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि एक अगस्त से इस योजना में तीन नए धार्मिक मार्ग—सालासर-खाटू श्याम, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन—को शामिल किया जाएगा। इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को एसी बस, होटल, भोजन और अन्य सभी सुविधाएं सरकार की ओर से निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अलावा पंजाब के सभी 22 जिलों में ‘एक शाम शिव जी के नाम’ भजन संध्या आयोजित करने की घोषणा भी की गई, ताकि अधिक से अधिक लोग धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से जुड़ सकें।अपने पांचवें ऐलान में केजरीवाल ने कहा कि ‘हमारे राम’ नामक लोकप्रिय नाटक का मंचन पूरे पंजाब में कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि दिल्ली में महंगे टिकट के साथ प्रस्तुत होने वाला यह नाटक पंजाब के लोगों के लिए पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।


