Gujrat

गुजरात में लॉन्च हुई ‘भारत टैक्सी’, ड्राइवर ही होंगे मालिक; अमित शाह बोले- शोषण खत्म करना है लक्ष्य

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार (27 जून) को गुजरात के गांधीनगर में सहकारी मॉडल पर आधारित नई टैक्सी सेवा ‘भारत टैक्सी’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य टैक्सी ड्राइवरों और यात्रियों, दोनों के हितों की रक्षा करना है। सरकार चाहती है कि टैक्सी सेवा से जुड़े लोगों का शोषण खत्म हो और ड्राइवरों को केवल रोजगार ही नहीं, बल्कि मालिकाना हक और सम्मान भी मिले।

‘भारत टैक्सी’ देश का पहला ऐसा राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म बताया जा रहा है, जिसमें कंपनी का स्वामित्व स्वयं ड्राइवरों के पास होगा। इस मॉडल के तहत करीब 7 लाख ड्राइवर इसके पार्टनर होने के साथ-साथ मालिक और शेयरधारक भी बनेंगे। सरकार का मानना है कि इससे ड्राइवरों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और उन्हें अपने काम पर अधिक अधिकार मिलेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि इस सेवा का उद्देश्य केवल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि एक ऐसा सहकारी ढांचा तैयार करना है, जिसमें ड्राइवरों को सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक भागीदारी सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि ‘भारत टैक्सी’ का विचार इसी सोच के साथ विकसित किया गया है, ताकि सेवा प्रदाता और ग्राहक दोनों को निष्पक्ष और पारदर्शी व्यवस्था का लाभ मिल सके।

सरकार के अनुसार, इस परियोजना का कई शहरों में सफल परीक्षण किया जा चुका है। इसके बाद अब इसे गुजरात के प्रमुख शहरों में औपचारिक रूप से शुरू किया गया है। इस योजना के सफल संचालन के लिए गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन, अहमदाबाद नगर निगम, गुजरात स्टेट कोऑपरेटिव बैंक, राज्य ट्रैफिक पुलिस, एयरपोर्ट अथॉरिटी और रेलवे से जुड़े विभिन्न संस्थानों के साथ समझौते भी किए गए हैं।

सरकार का दावा है कि ‘भारत टैक्सी’ ड्राइवरों की आय बढ़ाने, उन्हें बेहतर सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने और यात्रियों को भरोसेमंद व पारदर्शी टैक्सी सेवा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इसे देश में सहकारी परिवहन व्यवस्था की नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।