National

इबोला अलर्ट के बीच भारत ने लॉन्च किया ‘एयर सुविधा 2.0’, अब ऑनलाइन देनी होगी यात्रा और स्वास्थ्य जानकारी

भारत ने इबोला वायरस के बढ़ते वैश्विक खतरे के बीच अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की स्वास्थ्य निगरानी को और मजबूत बनाने के लिए ‘एयर सुविधा 2.0’ पोर्टल लॉन्च किया है। यह पूरी तरह डिजिटल और कॉन्टैक्टलेस प्लेटफॉर्म है, जिसके जरिए विदेश से भारत आने वाले यात्री अपनी यात्रा और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। इससे पहले इस्तेमाल होने वाली कागजी प्रक्रिया को अब पूरी तरह डिजिटल प्रणाली से बदल दिया गया है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इस नए पोर्टल को दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) के सहयोग से विकसित किया है। इसका उद्देश्य इबोला जैसी संक्रामक बीमारियों से प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की समय रहते पहचान करना और आवश्यक स्वास्थ्य निगरानी सुनिश्चित करना है। हाल ही में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DRC) और युगांडा में इबोला वायरस के मामलों को देखते हुए वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य सतर्कता बढ़ाने की सलाह दी थी। एयर सुविधा 2.0 के तहत यात्रियों को भारत पहुंचने से पहले सेल्फ-डिक्लेरेशन फॉर्म (SDF) ऑनलाइन भरना होगा। इस फॉर्म में पिछले 21 दिनों की यात्रा का पूरा विवरण देना अनिवार्य होगा। यदि यात्री में बुखार, कमजोरी या अन्य किसी संक्रामक बीमारी के लक्षण हैं, तो उनकी जानकारी भी फॉर्म में दर्ज करनी होगी।

सरकार के अनुसार, यह फॉर्म यात्रा शुरू होने से 24 घंटे पहले तक भरा जा सकता है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे वेब चेक-इन के दौरान ही इसे पूरा कर लें। फॉर्म जमा करने के बाद प्राप्त डिजिटल कॉपी को भारत पहुंचने पर एयरपोर्ट के इंटरनेशनल ट्रैवल हेल्थ डेस्क या इमिग्रेशन काउंटर पर दिखाना होगा। सरकार का मानना है कि एयर सुविधा 2.0 न केवल इबोला जैसे संक्रमणों की निगरानी को प्रभावी बनाएगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए भारत में प्रवेश की प्रक्रिया को भी अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएगा।