Madhya Pradesh National

MP ATS जांच में बड़ा खुलासा: चारों आरोपित एक ही पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में, फंडिंग की पड़ताल जारी

मध्य प्रदेश आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) की जांच में देश विरोधी गतिविधियों से जुड़े एक नेटवर्क को लेकर अहम खुलासे सामने आए हैं। अब तक मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार से गिरफ्तार चार आरोपितों से पूछताछ में संकेत मिले हैं कि सभी एक ही पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में थे और उसके निर्देशों पर अलग-अलग राज्यों में गतिविधियां संचालित कर रहे थे। जांच एजेंसियों के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपित पाकिस्तान जाकर कथित तौर पर प्रशिक्षण लेने की योजना बना रहे थे। इस खुलासे के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है तथा पूरे नेटवर्क की गहराई से पड़ताल शुरू कर दी है।

ATS सूत्रों का कहना है कि यह नेटवर्क आर्थिक रूप से कमजोर और अविवाहित युवकों को निशाना बनाकर उन्हें अपने प्रभाव में लेने की कोशिश कर रहा था। आशंका है कि पाकिस्तानी हैंडलर ने भारत के विभिन्न राज्यों में स्थानीय स्तर पर अपने सहयोगी तैयार कर लिए थे, जो उसके लिए काम कर रहे थे। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि इन लोगों को निर्देश किस माध्यम से मिलते थे और उनके बीच संपर्क कैसे स्थापित होता था। इसके साथ ही एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क को मिलने वाली फंडिंग कहां से आ रही थी और क्या इसके तार किसी बड़े आतंकी संगठन से जुड़े हैं। डिजिटल माध्यमों, बैंकिंग लेन-देन और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की भी बारीकी से जांच की जा रही है।

मामले में गिरफ्तार आरोपितों से अब आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी ताकि पूरे नेटवर्क की संरचना, उसके संचालन और अन्य संभावित सदस्यों की पहचान की जा सके। अलग-अलग राज्यों से जुड़े इन आरोपितों की भूमिका को जोड़कर जांच एजेंसियां पूरे मॉड्यूल की कड़ियों को समझने का प्रयास कर रही हैं। एटीएस का मानना है कि यह मामला केवल चार लोगों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक संगठित नेटवर्क सक्रिय हो सकता है, जिसकी जांच जारी है।