Punjab

पंजाब भाजपा में हलचल तेज, वरिष्ठ नेता डॉ. जगमोहन राजू ने संगठनात्मक पद से दिया इस्तीफा

पंजाब भाजपा में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच संगठन के भीतर अस्थिरता के संकेत सामने आए हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. जगमोहन सिंह राजू ने अपने संगठनात्मक पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने 5 जून को संगठन महामंत्री मंथरी श्रीनिवासुलु को पत्र भेजकर अपनी जिम्मेदारियों से मुक्त किए जाने का अनुरोध किया। इसकी प्रति प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों को भी भेजी गई है।

डॉ. राजू ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि पिछले चार वर्षों में उन्होंने भाजपा में उपाध्यक्ष और महासचिव के रूप में कार्य किया, जिसे वह अपने राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण अनुभव मानते हैं। हालांकि, अब वे पंजाब और देश से जुड़े कई जनहित मुद्दों पर अधिक ध्यान देना चाहते हैं, जिसके चलते संगठनात्मक जिम्मेदारियों से अलग होने का निर्णय लिया है।

अपने इस्तीफे में उन्होंने अमृतसर को पवित्र शहर का दर्जा दिलाने, शिक्षा और युवाओं के अधिकारों, अनुसूचित जातियों और सिख समुदाय के संवैधानिक हितों की सुरक्षा, नशे की समस्या, धर्मांतरण, पंजाबी भाषा के संरक्षण तथा जल और चंडीगढ़ जैसे लंबित मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही है। उनका कहना है कि इन विषयों पर गहन शोध, जनजागरण और कानूनी प्रयासों की आवश्यकता है, जिसके लिए पूरा समय देना जरूरी है।

राजनीतिक हलकों में इसे केवल व्यक्तिगत निर्णय नहीं बल्कि पार्टी के भीतर चल रही असंतोष की स्थिति से भी जोड़कर देखा जा रहा है। गौरतलब है कि प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में डॉ. राजू का नाम भी चर्चा में था, लेकिन अंततः पार्टी ने केवल सिंह ढिल्लों को यह जिम्मेदारी सौंपी। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा भी नियुक्ति पर सवाल उठाए जाने से राजनीतिक माहौल और गरमा गया है।