राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने घोषणा की है कि सीयूईटी यूजी 2026 परीक्षा के दौरान तकनीकी गड़बड़ी से प्रभावित उम्मीदवारों को दोबारा परीक्षा देने का अवसर दिया जाएगा। एजेंसी ने स्पष्ट किया कि जिन अभ्यर्थियों ने 30 मई 2026 को परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक पंजीकरण कराया था, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण अपनी परीक्षा पूरी नहीं कर सके, उनके लिए नई परीक्षा तिथियों की जल्द घोषणा की जाएगी। शनिवार को देश के कुछ परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी खराबी के कारण सीयूईटी यूजी परीक्षा शुरू होने में देरी हुई। इस वजह से कई छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ा और दोपहर के सत्र के समय में भी बदलाव करना पड़ा। एनटीए ने बताया कि समस्या का समाधान कर लिया गया है और परीक्षा प्रक्रिया अब सामान्य रूप से संचालित हो रही है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर के सत्र के उम्मीदवारों के लिए रिपोर्टिंग का समय दोपहर 2:30 बजे रखा गया, जबकि परीक्षा शाम 4:00 बजे शुरू हुई। एजेंसी ने यह भी सुनिश्चित किया कि सुबह के सत्र के छात्रों को परीक्षा की पूरी निर्धारित अवधि दी गई और परीक्षा समाप्त होने के बाद ही उन्हें केंद्र से बाहर जाने की अनुमति दी गई। एनटीए ने छात्रों और अभिभावकों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है। सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर +91-11-40759000 और ईमेल cuet-ug@nta.ac.in जारी किया गया है। इस बीच, टीसीएस के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक के. कृतिवासन ने कहा कि एक संक्षिप्त तकनीकी समस्या के कारण सुबह के सत्र में लगभग दो घंटे की देरी हुई थी। उन्होंने बताया कि तकनीकी टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान कर दिया, जिसके बाद परीक्षा बिना किसी अन्य बाधा के फिर से शुरू कर दी गई।









