Crime National

3000 करोड़ के Parimatch मनी लॉन्ड्रिंग केस में ED की बड़ी कार्रवाई, 112 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म Parimatch से जुड़े 3000 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में देशभर में बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, गुजरात और केंद्र शासित प्रदेश दमन समेत कई राज्यों में की गई। ED अब तक इस मामले में 112 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज कर चुकी है। मुंबई स्थित ED के जोनल कार्यालय ने यह कार्रवाई साइबर पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR के आधार पर शुरू की। जांच एजेंसी के मुताबिक, Parimatch.com ने अपने ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के जरिए निवेशकों और यूजर्स को ऊंचे रिटर्न का लालच देकर ठगा और एक साल के भीतर 3000 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध कमाई की।

जांच में सामने आया है कि प्लेटफॉर्म ने ‘म्यूल अकाउंट्स’ यानी किराए पर लिए गए बैंक खातों, पेमेंट इंटरमीडियरीज और फाइनेंशियल चैनलों का इस्तेमाल कर पैसों के लेन-देन को छिपाया। कई मामलों में यूजर्स को भुगतान सीधे प्लेटफॉर्म से नहीं किया गया, बल्कि दूसरे यूजर्स द्वारा जमा किए गए पैसों को अलग-अलग किस्तों में बैंक खातों और UPI IDs के जरिए ट्रांसफर किया गया। इससे पैसों के असली स्रोत और ट्रांजैक्शन की कड़ी छिपाई गई।

ED की जांच में यह भी पता चला कि कई करंट अकाउंट्स सॉफ्टवेयर, फिनटेक और टेक्नोलॉजी कंपनियों के नाम पर खोले गए थे। इन खातों का इस्तेमाल ‘वेंडर पेमेंट’, ‘व्यापारिक लेन-देन’ और ‘पेमेंट गेटवे सेवाओं’ की आड़ में करोड़ों रुपये के अवैध ट्रांजैक्शन के लिए किया गया। ED फिलहाल इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।