Crime Madhya Pradesh National

ट्विशा शर्मा मौत मामला: जिम्नास्टिक बेल्ट बनी सबसे अहम कड़ी, एम्स की फॉरेंसिक रिपोर्ट से जांच में नया मोड़

अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत की जांच में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। इस मामले में एक जिम्नास्टिक बेल्ट अब सबसे महत्वपूर्ण सबूत बनकर उभरी है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली एम्स के मेडिकल बोर्ड ने इस मामले से जुड़ी 11 पन्नों की गोपनीय फॉरेंसिक रिपोर्ट सीबीआई को सौंप दी है। रिपोर्ट फिलहाल अदालत के आदेश के चलते सार्वजनिक नहीं की गई है।

सूत्रों के अनुसार, फॉरेंसिक और हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच में जिम्नास्टिक बेल्ट पर स्किन टिश्यू मिलने की पुष्टि हुई है। बेल्ट में लगे लोहे के छल्ले और ट्विशा के गले पर मिले चोट के निशानों के बीच समानता होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, यह रिपोर्ट यह तय नहीं करती कि मामला आत्महत्या, हत्या या आत्महत्या के लिए उकसाने का है, लेकिन इससे यह स्पष्ट करने में मदद मिल सकती है कि फंदे के लिए इसी बेल्ट का इस्तेमाल हुआ था या नहीं। अब सीबीआई इस रिपोर्ट के आधार पर 12 मई की घटनाओं का क्रम दोबारा तैयार करेगी।

यह बेल्ट शुरुआत से ही विवाद का विषय रही है। ट्विशा के परिवार का आरोप था कि पहले पोस्टमॉर्टम के दौरान डॉक्टरों को यह बेल्ट नहीं दिखाई गई, जिसके कारण गले के निशानों और बेल्ट का वैज्ञानिक मिलान नहीं हो सका। बाद में भोपाल पुलिस ने स्वीकार किया था कि बेल्ट फॉरेंसिक टीम के कब्जे में थी, लेकिन समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाई जा सकी। परिवार ने इसे जांच में गंभीर लापरवाही बताया था।

गौरतलब है कि ट्विशा शर्मा की शादी एडवोकेट समर्थ सिंह से हुई थी। शादी के करीब छह महीने बाद 12 मई को भोपाल स्थित ससुराल में उनका शव फंदे से लटका मिला था। शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या माना गया, लेकिन परिवार ने दहेज प्रताड़ना और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का आरोप लगाया। बाद में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई। इस मामले में पति समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह के खिलाफ मामला दर्ज है और दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।