पंजाब में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव के हालात को देखते हुए भगवंत मान सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राज्य सरकार ने 25 मई (सोमवार) से अगले आदेशों तक सभी सरकारी दफ्तरों और शैक्षणिक संस्थानों के समय में बदलाव कर दिया है। अब सभी सरकारी कार्यालय और स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक संचालित होंगे, ताकि कर्मचारियों और विद्यार्थियों को दोपहर की तेज धूप और लू से राहत मिल सके।
सरकार के पर्सोनल विभाग की ओर से जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि यह फैसला लगातार बढ़ते तापमान और प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। ये निर्देश सभी अतिरिक्त मुख्य सचिवों, वित्तीय आयुक्तों, प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, डिवीजनल कमिश्नरों और डिप्टी कमिश्नरों को भेज दिए गए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि इन आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
इस बदलाव के बाद राज्य के लाखों सरकारी कर्मचारी, शिक्षक और विद्यार्थी अब सुबह के समय ही अपना कामकाज पूरा करेंगे। दोपहर के समय पड़ने वाली भीषण गर्मी से बचाव के लिए यह कदम बेहद जरूरी माना जा रहा है। मौसम विभाग ने भी चेतावनी जारी की है कि पंजाब में तापमान लगातार 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। इससे पहले वर्ष 2023 में भी राज्य सरकार ने गर्मी के कारण इसी तरह का समय परिवर्तन किया था। करीब तीन साल बाद एक बार फिर गर्मी की गंभीर स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
इसके अलावा, राज्य में 26 मई को होने वाले नगर निगम, नगर काउंसिल और नगर पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने पूरे पंजाब में जनरल हॉलिडे घोषित की है। यह अवकाश पंजाब और चंडीगढ़ के सभी सरकारी दफ्तरों, बोर्डों, निगमों और शैक्षणिक संस्थानों पर लागू रहेगा। सरकार ने इसे नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट-1881 के तहत अधिसूचित किया है ताकि नागरिक बिना किसी बाधा के अपने मतदान अधिकार का प्रयोग कर सकें। साथ ही चुनाव के दिन शराब की बिक्री पर भी समयबद्ध रोक लगाने की तैयारी की जा रही है, जिससे मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।









