Madhya Pradesh

त्विषा शर्मा मौत मामला: फरार पति समर्थ सिंह जबलपुर से गिरफ्तार, भोपाल कोर्ट में आज पेशी

बहुचर्चित त्विषा शर्मा मौत मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी पति समर्थ सिंह को जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। भोपाल और जबलपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उसे हिरासत में लिया गया, जिसके बाद आरोपी को भोपाल लाया गया है। पुलिस आज उसे कोर्ट में पेश कर सात दिन की रिमांड मांग सकती है।

एसआईटी प्रमुख एसीपी रजनीश कश्यप ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को जबलपुर से पकड़ा गया है। मामले को लेकर पुलिस कमिश्नर दोपहर एक बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की । पुलिस का कहना है कि पूछताछ के लिए समर्थ सिंह की कस्टडी जरूरी है, इसलिए रिमांड की मांग की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, भोपाल कोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने के बाद समर्थ सिंह ने गिरफ्तारी से बचने के लिए जबलपुर हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी। शुक्रवार को सुनवाई के दौरान उसने अपनी याचिका वापस ले ली। इसके बाद हाई कोर्ट ने उसे कटाराहिल्स थाना प्रभारी या जांच अधिकारी के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था।

शाम करीब चार बजे समर्थ सिंह जबलपुर जिला कोर्ट पहुंचा और सीजेएम अदालत में समर्पण की कोशिश की, लेकिन अदालत ने उसे भोपाल की सक्षम अदालत में पेश होने को कहा। इसके बाद वह कोर्ट परिसर के एक कमरे में जाकर छिप गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे पकड़ लिया। गौरतलब है कि समर्थ सिंह की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले के लिए पुलिस ने 30 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की थी।