थाईलैंड सरकार ने भारतीय यात्रियों को बड़ा झटका देते हुए वीजा-फ्री एंट्री सुविधा को समाप्त कर दिया है। नए फैसले के तहत भारत को अब वीजा-फ्री देशों की सूची से हटा दिया गया है। यह सुविधा भारतीय पर्यटकों को वर्ष 2024 में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दी गई थी, लेकिन 19 मई को हुई कैबिनेट बैठक में इसे वापस लेने का निर्णय लिया गया।
अब भारतीय यात्रियों को थाईलैंड में प्रवेश के लिए ‘वीजा ऑन अराइवल’ (VoA) श्रेणी में रखा गया है। इसके साथ ही थाईलैंड ने अपनी वीजा नीति में व्यापक बदलाव करते हुए 93 देशों के लिए 60 दिनों की वीजा छूट को भी समाप्त कर दिया है। संशोधित व्यवस्था के तहत केवल चार देशों को VoA सुविधा दी गई है, जिनमें भारत के अलावा अज़रबैजान, बेलारूस और सर्बिया शामिल हैं।
थाई विदेश मंत्रालय के अनुसार, पहले से देश में मौजूद या नए नियम लागू होने से पहले यात्रा की योजना बना चुके यात्रियों पर यह बदलाव लागू नहीं होगा। वे अपनी निर्धारित अवधि तक थाईलैंड में रह सकेंगे। नई व्यवस्था आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशित होने के 15 दिन बाद लागू होने की संभावना है।
इसके अलावा थाईलैंड अब 54 देशों को 30 दिनों की वीजा छूट देगा, जिनमें अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, जापान, सिंगापुर और कई यूरोपीय देश शामिल हैं। कुछ देशों जैसे मालदीव, मॉरीशस और सेशेल्स को 15 दिनों की अलग छूट मिलेगी। थाई सरकार ने इस कदम के पीछे सुरक्षा चिंताओं को कारण बताया है। अधिकारियों के अनुसार, हाल के समय में कुछ विदेशी नागरिकों की अवैध गतिविधियों में संलिप्तता सामने आने के बाद वीजा नियमों को सख्त किया गया है। इनमें नशीले पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी और बिना अनुमति व्यवसाय संचालन जैसे मामले शामिल हैं।









