Himachal

हिमाचल: सिरमौर की यूनिवर्सिटी में शर्मनाक घटना, बाथरूम में वीडियो बनाने का आरोपी गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में स्थित इटरनल यूनिवर्सिटी में एक गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है, जिसमें एक सफाईकर्मी पर छात्राओं के अश्लील वीडियो बनाने का आरोप लगा है। आरोप है कि आरोपी ने गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम और टॉयलेट में छिपकर छात्राओं के वीडियो रिकॉर्ड किए। इस घटना के सामने आने के बाद कैंपस में हड़कंप मच गया और छात्राओं में भारी आक्रोश फैल गया।

छात्राओं ने तुरंत इस मामले की जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन को दी और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। लगभग ढाई घंटे बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पच्छाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार आरोपी झारखंड का रहने वाला है और पिछले कुछ महीनों से यूनिवर्सिटी परिसर में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि घटना के बाद वह मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन छात्राओं ने उसे पकड़ लिया और कथित रूप से उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी तथ्यों की पुष्टि की जा रही है। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर जाकर भी जानकारी जुटाई है।

छात्राओं का आरोप है कि बाथरूम में लंबे समय से उनकी निजता का उल्लंघन किया जा रहा था। इस घटना ने विश्वविद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वीडियो कब बनाए गए और क्या उन्हें कहीं साझा किया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी के मोबाइल से कुछ डेटा डिलीट मिला है, जिसकी रिकवरी की कोशिश की जा रही है।