West Bengal

पश्चिम बंगाल में स्कूलों के बाद अब मदरसों में गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’, सरकार ने जारी किया नया आदेश

पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के सभी मदरसों में ‘वंदे मातरम्’ के गायन को अनिवार्य करने का बड़ा फैसला लिया है। इससे पहले सरकार ने सभी सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में भी राष्ट्रीय गीत के गायन को अनिवार्य किया था। अब मदरसा शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी नए आदेश के बाद यह नियम मदरसों में भी लागू हो गया है।

राज्य के अल्पसंख्यक मामलों और मदरसा शिक्षा मंत्री खुदीराम टुडू ने इस फैसले की पुष्टि करते हुए कहा कि जब सरकारी स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों में ‘वंदे मातरम्’ गाया जाता है, तो मान्यता प्राप्त मदरसों को इससे अलग नहीं रखा जा सकता। उन्होंने कहा कि यह कदम छात्रों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करेगा।

सरकार द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, पुराने सभी नियमों और प्रथाओं को समाप्त करते हुए यह नया निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इसके तहत सरकारी मॉडल मदरसे, सहायता प्राप्त मदरसे, मदरसा शिक्षा केंद्र, शिशु शिक्षा केंद्र और गैर-सहायता प्राप्त मान्यता प्राप्त मदरसे भी शामिल होंगे।

इससे पहले 13 मई को पश्चिम बंगाल शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी स्कूलों में ‘वंदे मातरम्’ के अनिवार्य गायन की अधिसूचना जारी की थी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी इस फैसले का समर्थन करते हुए इसे राज्य में राष्ट्रीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाला कदम बताया। गौरतलब है कि फरवरी 2026 में केंद्र सरकार ने ‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के समान सम्मान देने का फैसला लिया था। इसके बाद विभिन्न राज्यों में इसे लेकर नई नीतियां बनाई जा रही हैं।