National West Bengal

TMC कार्यालय से 100 से ज्यादा आधार कार्ड बरामद, जमीन सौदों के दस्तावेज मिलने से मचा हड़कंप

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सॉल्ट लेक क्षेत्र के बिधाननगर वार्ड नंबर 36 स्थित बसंती देवी कॉलोनी में मौजूद टीएमसी कार्यालय से 100 से अधिक आधार कार्ड और सरकारी जमीन की कथित अवैध खरीद-फरोख्त से जुड़े दस्तावेज मिलने के बाद इलाके में हलचल तेज हो गई है।

सूचना मिलने पर बिधाननगर दक्षिण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी आधार कार्ड अपने कब्जे में ले लिए। स्थानीय लोगों का दावा है कि बरामद किए गए अधिकांश आधार कार्ड इलाके के निवासियों के हैं। उनका कहना है कि आधार कार्ड बनवाने के दौरान पार्टी कार्यालय का पता इस्तेमाल किया जाता था और कार्ड वहीं मंगाए जाते थे।

स्थानीय निवासियों के मुताबिक, जब वे अपने आधार कार्ड लेने दफ्तर पहुंचते थे तो पार्टी कार्यकर्ता यह कहकर टाल देते थे कि कार्ड अभी तक नहीं आए हैं। लोगों ने बताया कि 4 मई को चुनाव परिणाम आने के बाद कार्यालय पर ताला लगा दिया गया था। बाद में जब दफ्तर खोला गया तो बड़ी संख्या में आधार कार्ड अंदर से मिले। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में फर्जी आधार कार्ड और घुसपैठ का मुद्दा पहले से ही राजनीतिक बहस का विषय रहा है। ऐसे में टीएमसी कार्यालय से आधार कार्ड और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की बरामदगी ने राज्य की सियासत को फिर गर्मा दिया है।