देश में एलपीजी सप्लाई को लेकर चल रही चिंताओं के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाला LPG टैंकर ‘सिमी’ (Symi) गुजरात के कांडला पोर्ट पर सुरक्षित पहुंच गया है। इस जहाज में करीब 20 हजार टन लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) लदी हुई है, जो घरेलू गैस आपूर्ति को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।
जानकारी के मुताबिक, यह टैंकर 13 मई को रणनीतिक रूप से बेहद अहम होर्मुज स्ट्रेट से होकर गुजरा था। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और समुद्री सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंताओं के बीच इस जहाज का सुरक्षित भारत पहुंचना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। युद्ध जैसे हालात के बाद भारत आने वाला यह 15वां LPG जहाज बताया जा रहा है।
इस बीच ईरान ने भी व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर भरोसा दिलाया है। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अरागची ने भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बातचीत में कहा कि ईरान हमेशा होर्मुज स्ट्रेट में सुरक्षा बनाए रखने की अपनी ऐतिहासिक जिम्मेदारी निभाता रहेगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि मित्र देशों को व्यापारिक सुरक्षा के मामले में ईरान पर भरोसा करना चाहिए।
सूत्रों के अनुसार, इससे पहले भारत आ रहा LPG टैंकर ‘MV Sunshine’ भी सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट पार कर चुका है। भारतीय नौसेना और अन्य एजेंसियों ने इन जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने में सहयोग दिया। ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने भी उम्मीद जताई है कि क्षेत्र में शांति बहाल होने के बाद होर्मुज स्ट्रेट की स्थिति और बेहतर होगी तथा अंतरराष्ट्रीय व्यापार पहले की तरह सामान्य रूप से चलता रहेगा।









