उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल बढ़ गई है। लंबे समय से चल रही योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं के बीच अब यह संभावना जताई जा रही है कि रविवार, 10 मई को कैबिनेट विस्तार हो सकता है। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी टीम में छह नए चेहरों को शामिल कर सकते हैं।
फिलहाल उत्तर प्रदेश सरकार में 54 मंत्री कार्यरत हैं, जबकि संवैधानिक रूप से मंत्रियों की संख्या 60 तक हो सकती है। ऐसे में छह खाली पदों को भरने की तैयारी लगभग पूरी मानी जा रही है। जिन नेताओं के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं उनमें कृष्णा पासवान, पूजा पाल, मनोज पांडेय, भूपेंद्र चौधरी, अशोक कटारिया और रोमी साहनी शामिल हैं। हालांकि इन नामों पर अंतिम फैसला अभी बाकी है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इन्हें लगभग तय माना जा रहा है।
सूत्रों का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए सामाजिक और राजनीतिक समीकरण साधने की कोशिश की जा रही है। खास बात यह है कि इस विस्तार में किसी मौजूदा मंत्री को हटाने की संभावना कम बताई जा रही है। साथ ही विभागों में बड़े फेरबदल के भी संकेत नहीं हैं।
इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार शाम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात करने वाले हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अंतिम चर्चा हो सकती है। इसके बाद नई टीम के नामों पर औपचारिक मुहर लगने की संभावना है। यूपी की राजनीति में होने वाला यह संभावित विस्तार आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।









