मलयालम फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। लोकप्रिय और अनुभवी अभिनेता संतोष के. नायर का मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। उनके अचानक चले जाने से पूरे फिल्म जगत और उनके प्रशंसकों में गहरा शोक व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा मंगलवार सुबह लगभग 6:30 बजे अडूर के एनाथ क्षेत्र के पास MC रोड पर हुआ। संतोष के. नायर अपनी पत्नी राजलक्ष्मी के साथ इनोवा कार में यात्रा कर रहे थे। शुरुआती पुलिस जांच में सामने आया है कि उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे एक पार्सल ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने राहत कार्य शुरू कर घायलों को कार से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल संतोष को तुरंत अडूर लाइफ लाइन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनकी पत्नी राजलक्ष्मी भी इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुई हैं और फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
संतोष के. नायर मलयालम सिनेमा और टेलीविजन जगत का एक जाना-माना नाम थे। अपने लंबे करियर में उन्होंने 100 से अधिक फिल्मों में अभिनय कर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। उनकी हालिया फिल्म ‘मोहिनीअट्टम’ को भी दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। उनके निधन की खबर के बाद फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। कई कलाकारों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते हुए इसे इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।









