राजधानी दिल्ली के नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए करीब 30 ट्रेनों को अन्य स्टेशनों से संचालित करने की योजना बनाई गई है। रेलवे सूत्रों के अनुसार, इन ट्रेनों और उनके वैकल्पिक स्टेशनों की पहचान कर ली गई है। इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए रेलवे बोर्ड को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही चरणबद्ध तरीके से बदलाव लागू किए जाएंगे।
अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन पर बढ़ती भीड़ और ट्रेनों की संख्या के कारण संचालन प्रभावित हो रहा है। इसी बीच रेल भूमि विकास प्राधिकरण द्वारा स्टेशन का बड़े स्तर पर पुनर्विकास किया जा रहा है, जो करीब चार साल तक चलेगा। निर्माण कार्य के चलते प्लेटफॉर्म और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, इसलिए ट्रेनों का स्थानांतरण जरूरी माना जा रहा है।
योजना के तहत कुछ प्रमुख ट्रेनों को हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, आनंद विहार टर्मिनल, शकूर बस्ती रेलवे स्टेशन और सफदरजंग रेलवे स्टेशन से चलाने का प्रस्ताव है। इनमें रानी कमलापति शताब्दी, ताज एक्सप्रेस और देहरादून व काठगोदाम शताब्दी जैसी ट्रेनें शामिल हैं।
रेलवे का लक्ष्य है कि त्योहारों, खासकर दिवाली और छठ पूजा से पहले इस योजना को लागू कर लिया जाए, ताकि यात्रियों की भीड़ को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सके। इससे न केवल प्लेटफॉर्म पर दबाव कम होगा, बल्कि यात्रियों को चढ़ने-उतरने में भी सुविधा मिलेगी।









