Technology

स्मार्टफोन खरीदना हुआ महंगा: OnePlus, Realme, Redmi और Nothing ने बढ़ाईं कीमतें

भारत में स्मार्टफोन खरीदना अब पहले से ज्यादा महंगा हो गया है, क्योंकि कई प्रमुख ब्रांड्स ने अपने लोकप्रिय मॉडलों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। इनमें OnePlus, Realme, Redmi और Nothing शामिल हैं। कंपनियों ने यह कीमत वृद्धि ग्लोबल सप्लाई चेन में दबाव, मेमोरी चिप्स की कमी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टेक्नोलॉजी की बढ़ती मांग को जिम्मेदार ठहराया है। रिपोर्ट के अनुसार, DRAM और NAND स्टोरेज जैसे जरूरी कंपोनेंट्स की वैश्विक कमी के चलते निर्माण लागत बढ़ गई है, जिसका सीधा असर स्मार्टफोन की कीमतों पर पड़ा है।

  1. वनप्लस ने अपने प्रीमियम सेगमेंट में बड़ा बदलाव करते हुए वनप्लस 15 की शुरुआती कीमत 72,999 रुपये से बढ़ाकर 77,999 रुपये कर दी है, जबकि टॉप वेरिएंट 85,999 रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, वनप्लस 15R भी अब 52,999 रुपये से शुरू हो रहा है।
  2. Nothing ने भी अपने पोर्टफोलियो में बदलाव किया है, जहां Nothing Phone 4a Pro की कीमत 44,999 रुपये, Phone 4a की 34,999 रुपये और Phone 3a Lite की कीमत 27,999 रुपये से शुरू हो रही है। खास बात यह है कि Phone 3a Lite की कीमत दूसरी बार बढ़ाई गई है।
  3. Realme ने भी बजट से लेकर प्रीमियम सेगमेंट तक अपने कई मॉडल्स महंगे कर दिए हैं। Realme 16 Pro Plus अब 44,999 रुपये और Realme 16 Pro 36,999 रुपये में उपलब्ध होगा। वहीं Redmi ने भी Note 15 सीरीज की कीमतें बढ़ा दी हैं, जहां Note 15 Pro Plus अब 39,999 रुपये और Note 15 Pro 31,999 रुपये से शुरू हो रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि मेमोरी चिप्स की कमी और AI हार्डवेयर की बढ़ती मांग फिलहाल कम नहीं होगी, जिससे आने वाले समय में और कंपनियां भी कीमतें बढ़ा सकती हैं। ऐसे में अगर कोई नया फोन खरीदने की योजना बना रहा है, तो जल्द फैसला लेना फायदेमंद साबित हो सकता है।