पश्चिम बंगाल, असम सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। मतगणना 4 मई को सुबह 8 बजे शुरू होगी, जिसमें पहले पोस्टल बैलेट और फिर ईवीएम वोटों की गिनती की जाएगी। सुबह 9 बजे तक शुरुआती रुझान सामने आने की संभावना है। परिणाम से ठीक पहले मुंबई सट्टा बाजार की भविष्यवाणियों ने राजनीतिक हलचल और बढ़ा दी है।
असम को लेकर सट्टा बाजार का अनुमान है कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा एक बार फिर सत्ता में वापसी करेगी। 126 सीटों में भाजपा को 85 से 92 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि कांग्रेस को 34 से 38 सीटों तक सीमित रहना पड़ सकता है। पुडुचेरी में एनडीए और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है, लेकिन सत्ता एनडीए के हाथ में रहने का अनुमान है। वहीं तमिलनाडु में डीएमके की मजबूत वापसी की संभावना जताई गई है, जहां उसे 145 से 155 सीटें मिल सकती हैं।
केरल में कांग्रेस के लिए राहत भरी खबर बताई जा रही है, जहां वह 78 से 85 सीटें जीतकर सत्ता में वापसी कर सकती है, जबकि एलडीएफ को नुकसान होने का अनुमान है। सबसे ज्यादा चर्चा पश्चिम बंगाल को लेकर है। सट्टा बाजार के अनुसार इस बार भाजपा को बढ़त मिल सकती है और वह 175 से 185 सीटों के साथ सरकार बना सकती है, जबकि टीएमसी 127 से 132 सीटों तक सिमट सकती है। सट्टा बाजार में पार्टियों की संभावनाओं के आधार पर भाव तय किए जाते हैं, जिसमें मजबूत पार्टी का रेट कम और कमजोर का अधिक होता है। ये अनुमान सर्वे, रैलियों और राजनीतिक गतिविधियों के आधार पर लगातार बदलते रहते हैं।









