Delhi

AIR INDIA एक्सप्रेस फ्लाइट की जयपुर में फ्यूल की कमी  के कारण इमरजेंसी लैंडिंग

दिल्ली से भुवनेश्वर जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1057 की जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उड़ान के दौरान फ्यूल की कमी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया, जबकि सूत्रों का कहना है कि विमान में तकनीकी खराबी भी इसकी वजह हो सकती है। लैंडिंग के बाद यात्रियों को विमान के अंदर ही रोके रखा गया और उन्हें बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई। इस घटना से पहले भी जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर खराब मौसम के कारण उड़ान संचालन प्रभावित रहा। तेज हवाओं और कम दृश्यता के चलते कई फ्लाइट्स समय पर लैंड नहीं कर सकीं, जिससे कुछ विमानों को डायवर्ट करना पड़ा और कई को लंबे समय तक हवा में चक्कर लगाने पड़े।

अबू धाबी से आने वाली एतिहाद एयरवेज की फ्लाइट को भी खराब मौसम के कारण लगभग 45 मिनट तक आसमान में चक्कर लगाना पड़ा। विमान ने करीब आठ बार चक्कर लगाने के बाद मौसम में सुधार होने पर सुरक्षित लैंडिंग की। इसी तरह मुंबई से जयपुर आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1219 को लैंडिंग में दिक्कत के चलते दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। इसके अलावा, अहमदाबाद से जयपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-7131 को भी खराब मौसम के चलते दिल्ली मोड़ना पड़ा। लगातार खराब मौसम और तकनीकी चुनौतियों के कारण जयपुर एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा।