Maharashtra Technology Uttar Pradesh

अयोध्या-मुंबई और बनारस-पुणे अमृत भारत ट्रेनें आज से शुरू, PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी

भारतीय रेलवे ने यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 28 अप्रैल को इन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इनमें अयोध्या-मुंबई और बनारस-पुणे रूट शामिल हैं। इन ट्रेनों के शुरू होने से उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। साथ ही लंबी दूरी की यात्रा अब पहले से ज्यादा सस्ती, तेज और आरामदायक हो जाएगी।

बनारस-पुणे अमृत भारत एक्सप्रेस बनारस (वाराणसी) से हडपसर (पुणे) तक चलेगी और अपने मार्ग में प्रयागराज, झांसी, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, भुसावल और मनमाड जैसे करीब 20 प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। यह ट्रेन यात्रियों के लिए किफायती और सुविधाजनक यात्रा विकल्प साबित होगी।

वहीं, अयोध्या-मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस अयोध्या धाम जंक्शन से लोकमान्य तिलक टर्मिनस तक संचालित होगी। यह ट्रेन सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, जबलपुर, इटारसी, भुसावल और नासिक रोड जैसे 14 प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे यात्रियों को सीधी और आसान कनेक्टिविटी मिलेगी।

इन नई ट्रेनों से धार्मिक पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। अयोध्या जाने वाले श्रद्धालु राम मंदिर तक आसानी से पहुंच सकेंगे, जबकि काशी आने वाले यात्री काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन सरलता से कर पाएंगे। इसके साथ ही, यह रेल सेवाएं व्यापारिक गतिविधियों को भी गति देंगी और विभिन्न राज्यों के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत बनाएंगी। रेलवे का यह कदम यात्रियों के लिए सुविधा, गति और किफायती यात्रा का नया विकल्प लेकर आया है।