अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की संभावित वार्ता को लेकर स्थिति भले स्पष्ट न हो, लेकिन इसके सकारात्मक संकेतों का असर भारतीय शेयर बाजार पर साफ दिख रहा है। मंगलवार को बाजार ने मजबूत शुरुआत की, जहां Sensex और Nifty 50 दोनों ही हरे निशान में खुले। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 327 अंकों की बढ़त के साथ 78,848 पर पहुंचा, जबकि निफ्टी 69 अंकों की तेजी के साथ 24,434 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।
वैश्विक संकेतों की बात करें तो एशियाई बाजारों में भी तेजी का रुख रहा, जिससे घरेलू बाजार को समर्थन मिला। हालांकि अमेरिकी बाजार पिछले सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए थे, लेकिन निवेशकों को उम्मीद है कि यदि इस्लामाबाद में वार्ता आगे बढ़ती है तो वैश्विक बाजारों में और सुधार आ सकता है। सोमवार को भारतीय बाजार में हल्की बढ़त देखने को मिली थी, लेकिन कच्चे तेल की कीमतों और भू-राजनीतिक तनाव के कारण अनिश्चितता बनी हुई थी। अब ब्रेंट क्रूड की कीमतों में कुछ नरमी और आपूर्ति संबंधी चिंताओं में कमी से बाजार को राहत मिली है।
इसके अलावा, एशियाई बाजारों की मजबूती, वोलैटिलिटी में गिरावट और इंडिया VIX में कमी ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। बैंकिंग सेक्टर में खरीदारी भी तेजी का बड़ा कारण बनी, जहां आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक और बजाज फाइनेंस जैसे शेयरों में उछाल देखा गया। कुल मिलाकर, सकारात्मक वैश्विक संकेतों और उम्मीदों ने बाजार में मजबूती का माहौल बनाया है।









