पंजाब में अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क पर लगाम कसने के लिए राज्य सरकार ने नई पुरस्कार नीति लागू की है। मुख्यमंत्री Bhagwant Mann के नेतृत्व में शुरू की गई इस योजना के तहत वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों की जानकारी देने वाले लोगों को नकद इनाम दिया जाएगा, जबकि उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। ‘गैंगस्टरों ते वार’ अभियान के तहत पंजाब पुलिस को व्यापक अधिकार दिए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) 1 लाख रुपये, पुलिस कमिश्नर/आईजी/डीआईजी 1.5 लाख रुपये और एडीजीपी/स्पेशल डीजीपी 2 लाख रुपये तक का इनाम मंजूर कर सकते हैं, जबकि डीजीपी इससे अधिक राशि भी स्वीकृत कर सकते हैं।
सरकार ने 28 मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची जारी की है और नागरिकों से अपील की है कि वे एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन पर गुप्त रूप से जानकारी साझा करें। हर सूचना की पहले जांच की जाएगी और सही पाए जाने पर ही इनाम दिया जाएगा। हाल ही में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत राज्यभर में 56 हजार से अधिक स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसमें करीब 19,894 गिरफ्तारियां और 851 घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी हुई। सरकार का मानना है कि इस नीति से जनभागीदारी बढ़ेगी और पंजाब को अपराध मुक्त बनाने में मदद मिलेगी।









