सरकारी नौकरी करने वालों और पेंशनभोगियों के लिए राहत भरी खबर है। 8वें वेतन आयोग ने अपनी टीम के गठन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए विभिन्न पदों पर विशेषज्ञों और प्रोफेशनल्स की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। 10 अप्रैल 2026 को जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह सभी नियुक्तियां कॉन्ट्रैक्ट आधार पर की जाएंगी।
आयोग ने तीन प्रमुख श्रेणियों—सीनियर कंसल्टेंट, कंसल्टेंट और यंग प्रोफेशनल्स के लिए आवेदन मांगे हैं। सीनियर कंसल्टेंट को प्रति माह ₹1,80,000 तक, कंसल्टेंट को ₹1,20,000 तक और यंग प्रोफेशनल्स को ₹90,000 तक मानदेय दिया जाएगा। इसके अलावा पार्ट-टाइम काम करने वालों के लिए भी 6 और 12 दिन के आधार पर अलग वेतन संरचना तय की गई है, हालांकि किसी प्रकार का भत्ता या अतिरिक्त सुविधा नहीं मिलेगी।
इन प्रोफेशनल्स का मुख्य काम सरकारी कर्मचारियों के वेतन, भत्तों और पेंशन ढांचे की समीक्षा करना, विभिन्न मंत्रालयों से डेटा एकत्र करना और उसका विश्लेषण करना होगा। साथ ही कानूनी, एचआर और वित्तीय पहलुओं पर रिसर्च कर आयोग को सटीक सिफारिशें तैयार करने में सहयोग देना होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। उम्मीदवारों को आवेदन के दौरान अपनी शैक्षणिक योग्यता और अनुभव से जुड़े दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
प्रत्येक पद के लिए अलग-अलग पात्रता शर्तें तय की गई हैं, जिन्हें ध्यान से पढ़ना जरूरी है। चूंकि यह कार्य लाखों कर्मचारियों के भविष्य से जुड़ा है, इसलिए चयनित उम्मीदवारों को गोपनीयता और अनुशासन के कड़े नियमों का पालन करना होगा। अनुबंध अवधि निश्चित होगी, जिसे आवश्यकता के अनुसार बढ़ाया या घटाया जा सकता है। नियमों के उल्लंघन पर अनुबंध समाप्त भी किया जा सकता है।









