Uttar Pradesh

यूपी में फाइनल SIR लिस्ट जारी, 13.39 करोड़ से ज्यादा मतदाता सूची में शामिल

उत्तर प्रदेश में चुनाव आयोग ने शुक्रवार को फाइनल मतदाता सूची जारी कर दी है। यह सूची 10 अप्रैल को आधिकारिक रूप से प्रकाशित की गई, जिसे राज्य में चली लंबी एसआईआर प्रक्रिया के बाद तैयार किया गया है। अब राज्य के मतदाता चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपना नाम आसानी से जांच सकते हैं। अपना नाम खोजने के लिए आयोग ने तीन विकल्प दिए हैं। मतदाता अपने एपिक नंबर से खोज सकते हैं, व्यक्तिगत जानकारी भरकर भी विवरण देख सकते हैं या फिर मोबाइल नंबर के जरिए भी अपनी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने लखनऊ में जानकारी देते हुए बताया कि इस बार उत्तर प्रदेश में कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इनमें 7 करोड़ 30 लाख 71 हजार 61 पुरुष और 6 करोड़ 9 लाख 9 हजार 525 महिला मतदाता शामिल हैं। जिलों के स्तर पर देखें तो प्रयागराज में सबसे अधिक 3.29 लाख नए मतदाता जुड़े हैं। इसके बाद लखनऊ, बरेली, गाजियाबाद और जौनपुर में भी बड़ी संख्या में नए वोटर शामिल हुए हैं।

विधानसभा क्षेत्रों की बात करें तो साहिबाबाद सबसे आगे है, जहां 82 हजार से अधिक नए मतदाता जोड़े गए हैं। जौनपुर, लखनऊ पश्चिम, लोनी और फिरोजाबाद भी उन क्षेत्रों में शामिल हैं जहां उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह आंकड़े 6 जनवरी को जारी ड्राफ्ट सूची की तुलना में तैयार किए गए हैं, जिससे मतदाता सूची को और अधिक सटीक और अद्यतन बनाया गया है।