प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में देश के बुनियादी ढांचे, किसानों और आम नागरिकों के हित में पांच बड़े प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी दी गई है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इन परियोजनाओं के लिए कुल 1,74,207 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। सबसे पहले किसानों को खाद पर भारी सब्सिडी दी जाएगी। आगामी खरीफ फसलों के लिए डीएपी और एनकेपीएस उर्वरकों पर 41,534 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे किसानों को DAP की बोरी 1350 रुपये में उपलब्ध होगी, चाहे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ जाएँ।
औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए राजस्थान में एचपीसीएल रिफाइनरी प्रोजेक्ट को 79,459 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है, जिससे हजारों रोजगार के अवसर पैदा होंगे। जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण के निर्माण के लिए 13,038 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। 41 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट से शहर में यातायात सुगम और सुरक्षित होगा। ऊर्जा क्षेत्र में भी दो बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। कमला हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट (1,720 मेगावाट) के लिए 26,070 करोड़ रुपये और कलाई-II हाइड्रो प्रोजेक्ट (1,200 मेगावाट) के लिए 14,106 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। ये निर्णय किसानों की सहूलियत, स्थानीय रोजगार और देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इससे न केवल आर्थिक विकास को बल मिलेगा बल्कि आम लोगों के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव आएगा।









